भोपाल के 21 हॉटस्पॉट पर पीएम निर्धारित सीमा से अधिक प्रदूषण दर्ज
भोपाल की हवा बेहद खतरनाक हो गई है। शहर के 21 स्थानों की हवा प्रदूषण के गंभीर स्तर तक पहुंच गई है। इन स्थानों को भोपाल के प्रदूषण हॉट स्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। सर्दी बढ़ने के साथ हवा में घुलते प्रदूषक कण फेफड़ों के मरीजों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। ठंड और वायु प्रदूषण का दोहरा असर सांस के रोगियों के लिए कम मुसीबत नहीं है। विशेषज्ञों ने बताया कि हवा में मौजूद पीएम 2.5 और पीएम 10 के कण सांस के साथ फेफड़ों तक पहुंचते हैं। ये कण सूजन, खांसी, सांस फूलने और सीने में जकड़न बढ़ा रहे हैं। अस्थमा और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के मरीजों के लिए खतरा और बढ़ रहा है। भोपाल के हॉट स्पॉट पर धूल और धुएं ने संकट को और गहरा कर दिया है। इससे फेफड़ों की नलियां सिकुड़ रही हैं और उनमें सूजन आ रही है। रेलवे स्टेशन, लालघाटी, गोविंदपुरा सहित सभी 21 हॉटस्पॉट पर पीएम निर्धारित सीमा से अधिक है। ये आंकड़े बढ़ते खतरे की गवाही दे रहे हैं। 20 नवंबर 2026 को भोपाल का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 229 दर्ज किया गया। उस दिन पीएम 2.5 का स्तर 99 और पीएम 10 का स्तर 129 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहा। दोनों प्रदूषक 24 घंटे की निर्धारित राष्ट्रीय सीमा से अधिक थे। पीएम 2.5 की निर्धारित सीमा 60 और पीएम 10 की सीमा 100 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर है। नवंबर में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता रहा। 12 नवंबर को एक्यूआइ 212 और 11 नवंबर को 170 दर्ज किया गया था। पिछले साल 12 नवंबर को यह 156 था। जनवरी 2026 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में प्रस्तुत याचिका में भोपाल का वार्षिक पीएम 10 स्तर 130 से 190 बताया गया था। याचिका में भोपाल का वार्षिक पीएम 2.5 स्तर 80 से 100 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर बताया गया था। रेलवे स्टेशन से गोविंदपुरा तक प्रदूषण की मार है। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दस्तावेज में शहर के 21 प्रदूषण हॉट स्पॉट चिह्नित हैं। इनमें रेलवे स्टेशन, भोपाल टॉकीज, बैरागढ़ कपड़ा मार्केट, सर्वधर्म चौराहा, नर्मदापुरम रोड, ज्योति टॉकीज चौराहा, लालघाटी और गोविंदपुरा चौराहा शामिल हैं। सड़क की धूल, वाहनों का धुआं, निर्माण गतिविधियां और कचरा जलाना प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं। एक अध्ययन के अनुसार पीएम 10 उत्सर्जन में सड़क की दोबारा उड़ने वाली धूल की हिस्सेदारी 61.1 प्रतिशत है। पीएम 2.5 में यह हिस्सेदारी 34.6 प्रतिशत है। सर्दियों में हवा की गति कम होने और तापमान में उलटफेर से प्रदूषक कण जमीन के नजदीक जमा रहते हैं। सुबह और शाम इनका असर अधिक हो सकता है।

