युवाओं के लिए नई राहें, नशे के खिलाफ कड़े कदम उठाने की बात कही गई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की पूर्ति में पूरा राष्ट्र प्रयास कर रहा है और मध्य प्रदेश की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। मध्य प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है। सिंचाई, ऊर्जा, युवाओं को रोजगार, चिकित्सा शिक्षा और उच्च शिक्षा संस्थानों को प्रारंभ करने, प्रदेश में 21 वर्ष बाद सुगम परिवहन सेवा का मॉडल लाने और वैश्विक योजना सिंहस्थ के लिए स्थाई महत्व के कार्यों को प्रारंभ करवाने में सफलता मिली है। विकास का सिलसिला जारी रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय कोर्टयार्ड बाय मैरियट में निजी टीवी चैनल के कार्यक्रम 'युवा संवाद' को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी वर्ष 2027 युवा वर्ष होगा। युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार अधिक से अधिक प्रयास करेगी। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ कार्य करने वाली प्रदेश की विभूतियों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के वर्षों को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि उन्होंने युवाओं, नारियों, किसानों और निर्धनों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया है। सुस्पष्ट प्रशासन और सुशासन के साथ समग्र विकास हासिल करना है। युवाओं के लिए अवसर संबंधी प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में सामयिक और उपयोगी ट्रेड प्रारंभ करने पर ध्यान दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि ऐसी संस्थाओं में आईटी पार्क भी विकसित किए जा रहे हैं, जो भविष्य की संभावनाओं के दृष्टिगत आवश्यक हैं।

