सीहोर के रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने 203 युवाओं का चयन किया है
नौकरी, स्वरोजगार और ऋण की जानकारी एक ही स्थान पर मिल रही है
राज्य सरकार जिलों में रोजगार मेले आयोजित कर रही है, जो अब युवाओं के लिए नौकरी पाने का बेहतर माध्यम बनते जा रहे हैं। सीहोर में आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने 203 युवाओं का चयन किया। इस उपलब्धि ने युवाओं के चेहरों पर खुशी लाई और उन्हें भविष्य को लेकर नई उम्मीद व आत्मविश्वास दिया। मेले में पहुंचे युवाओं के अनुसार नौकरी की तलाश में पहले उन्हें अलग-अलग कंपनियों और कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। कई बार सही जानकारी न मिलने और अवसरों तक पहुंच न होने से युवाओं को परेशानियां झेलनी पड़ती थीं। अब सरकारी मेलों में प्रदेश और देश की अनेक कंपनियां एक ही स्थान पर भर्ती के लिए पहुंच रही हैं। इससे युवाओं को अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार नौकरी के अवसर मिल रहे हैं। उन्हें अलग-अलग जगह जाकर आवेदन करने में लगने वाला समय और पैसा भी कम खर्च करना पड़ रहा है। मेले की खास बात यह है कि यहां केवल नौकरी ही नहीं, स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को भी रास्ता मिलता है। विभिन्न शासकीय विभाग मेले में स्टॉल लगाकर स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हैं। इन स्टॉलों पर युवाओं को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, उपलब्ध सहायता और ऋण सुविधाओं का मार्गदर्शन मिलता है। इससे अपना व्यवसाय शुरू करने का सपना देखने वाले युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। मेले में विशेषज्ञ युवाओं को करियर चयन, रोजगार की संभावनाओं और भविष्य की तैयारी पर मार्गदर्शन देते हैं।
उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी भी मिल रही है। चयनित युवा शिव सिंह रघुवंशी, बरखा, दीपक कीर और चन्द्रशेखर देवलकर का मानना है कि यह पहल नौकरी तलाशने वालों और कंपनियों के बीच प्रभावी सेतु का काम कर रही है।
एक ही मंच पर नौकरी, स्वरोजगार, ऋण संबंधी जानकारी और करियर मार्गदर्शन मिलने से युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। सीहोर में 203 युवाओं का चयन दिखाता है कि ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
