1 फरवरी 2027 को पेश होगा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट 2027-28 की तैयारी 16 नवंबर से शुरू कर दी है। उन्होंने नई दिल्ली में देश के बड़े अर्थशास्त्रियों के साथ पहली बैठक की। बैठक में वित्त मंत्री के साथ मुख्य आर्थिक सलाहकार और वित्त मंत्रालय के बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। सरकार बजट तैयार करने से पहले हर साल अलग-अलग क्षेत्रों के जानकारों से राय लेती है। इसका मकसद यह समझना होता है कि अर्थव्यवस्था का हाल कैसा है। आम लोगों को किस तरह की राहत दी जा सकती है, यह भी इन्हीं सुझावों से तय होता है। बैठक में अर्थशास्त्रियों ने महंगाई को काबू करने, नई नौकरियां पैदा करने और तरक्की की रफ्तार बढ़ाने पर अपनी राय दी। इन सुझावों के आधार पर वित्त मंत्रालय तय करता है कि किस सेक्टर को कितना पैसा मिलेगा। मंत्रालय आने वाले बजट में जनता के लिए नई योजनाएं लाने पर भी विचार करेगा। अर्थशास्त्रियों के साथ बैठक बजट का पहला चरण है। वित्त मंत्रालय की प्री-बजट सीरीज के तहत आने वाले दिनों में कई अन्य समूहों के साथ बैठकें होंगी। इनमें उद्योग जगत, ट्रेड यूनियन, राज्य सरकारें और सोशल सेक्टर के प्रतिनिधि शामिल हैं।
