भविष्य की जरूरतों के अनुरूप ऊर्जा तंत्र विकसित करने पर केंद्रित पाँचवाँ राष्ट्रीय सतत ऊर्जा नवाचार कॉन्क्लेव-2026 भोपाल में शुक्रवार को आयोजित हुआ। ऊर्जा विभाग ने प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को अधिक विश्वसनीय, सक्षम, सुदृढ़ और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से इसका आयोजन किया। कॉन्क्लेव में ऊर्जा क्षेत्र में तकनीक, नवाचार, निवेश और साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया गया। कॉन्क्लेव में प्रदेश के विद्युत तंत्र को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ। केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि, तकनीकी संस्थान और ऊर्जा कंपनियाँ इसमें शामिल हुईं। नीति आयोग के उप सलाहकार (ऊर्जा) मनोज कुमार उपाध्याय ने ऊर्जा क्षेत्र की प्राथमिकताओं और भावी संभावनाओं पर अपने विचार रखे। सचिव रघुराज एम. राजेंद्रन ने ऊर्जा क्षेत्र की जरूरतों और प्रदेश सरकार के प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उत्पादन, पारेषण और वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। उभरती तकनीकों को अपनाने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और डिजिटल परिवर्तन जैसे विषय भी सत्र में उठे।
समाचार
भोपाल में पाँचवाँ राष्ट्रीय सतत ऊर्जा नवाचार कॉन्क्लेव-2026 आयोजित
27 नवंबर 2026 को 10:56 pm बजे
