एयरोसिटी भोपाल में बन रहे कंट्रोल सेंटर के लिए 20 नवंबर तक सभी अनुमतियाँ पूरी हों
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने एयरोसिटी भोपाल में बन रहे ग्रिड कंट्रोल ऑफ इंडिया लिमिटेड के कंट्रोल सेंटर कॉम्प्लेक्स के निर्माण संबंधी सभी शासकीय अनुमतियों को 20 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्य को तय समय में प्रारंभ करने पर जोर दिया। संभागायुक्त की अध्यक्षता में मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय में हुई बैठक में ग्रिड इंडिया लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एमके रमेश और भोपाल विकास प्राधिकरण के सीईओ श्याम वीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में इस प्रोजेक्ट को स्थापित किए जाने के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। कंट्रोल सेंटर कॉम्पलेक्स का निर्माण भोपाल विकास प्राधिकरण करवा रहा है, जिसके लिए ग्रिड इंडिया लिमिटेड के साथ 'कांसेप्ट टू कम्पलीशन' एमओयू हो चुका है। कॉम्पलेक्स के लिए भूमि का आवंटन भी हो चुका है। इसके निर्माण में लगभग 305 करोड़ रूपये की लागत आएगी और यह लगभग 02 वर्ष में पूर्ण किया जाएगा।

