12 दिन तक चलेगा
दमोह तहसील ग्राउंड पर 20 नवंबर से 1 दिसंबर तक स्वदेशी मेले का आयोजन होने जा रहा है। यह मेला स्वर्णिम भारत फाउंडेशन और स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में लगेगा। इस मेले में स्थानीय बाजार, पारंपरिक उत्पादों और नए उद्यमियों को एक मंच पर लाया जाएगा। मेले में मनोरंजन के विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। बुधवार को मेला परिसर में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। मेला संयोजिका डॉ. मोनिका पालिवाल ने बताया कि मेले का उद्देश्य केवल स्थानीय और भारतीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना नहीं है। इसके साथ आमजन के मनोरंजन और सहभागिता का भी ध्यान रखा गया है। इस वर्ष कई नए उद्यमियों के साथ महिला कारोबारियों को भी अपने उत्पाद आगे बढ़ाने का अवसर दिया गया है। मेला समन्वयक डॉ. सोनल राय ने बताया कि जिले में यह आयोजन पहली बार शुरू हुआ था। स्वदेशी की अवधारणा और सशक्त भारत के विचार को आगे बढ़ाने का यह प्रयास अब तीसरे वर्ष तक पहुंच गया है। मेला समन्वयक बृजेन्द्र राठौर ने बताया कि पिछले वर्ष मेले में प्रतिदिन औसतन 10 हजार लोग पहुंचे थे। बाद में यह संख्या 20 हजार से भी अधिक हो गई थी। इस बार भी इतने ही उत्साह और सहभागिता की उम्मीद है। मेले में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। निजी सुरक्षा एजेंसी को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। सफाई और वाहन पार्किंग की व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। मेले में व्यापारियों के साथ विभिन्न संस्थाओं की भी सहभागिता रहेगी। इस मौके पर चंद्रभान पटेल और दीपक तिवारी मौजूद थे। संचालन वैभव नायक ने किया, जबकि आभार अनिल खरे ने माना।



