ट्रैवल मार्ट में ग्रामीण पर्यटन का जलवा
मध्य प्रदेश के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में ‘मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026’ के दूसरे दिन मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और केंद्रीय पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार ने एग्जिबिशन का शुभारंभ किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि को और गति देना है। मुख्य सचिव बर्णवाल ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन का निरंतर विकास हो रहा है और पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर व्यापार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि राज्य की आतिथ्य और पर्यटन अर्थव्यवस्था को वैश्विक पहचान मिल सके। ट्रैवल मार्ट में 177 ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी स्टॉल लगाए गए हैं, जो राज्य के पर्यटन क्षेत्र के लिए एक बड़ा मंच साबित हो रहे हैं। मुख्य सचिव बर्णवाल ने एग्जिबिशन का अवलोकन करते हुए देश-विदेश से आए ट्रैवल-टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों और होमस्टे संचालकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने हितधारकों से उनके व्यावसायिक पैकेजेस, आगामी योजनाओं और मध्य प्रदेश में पर्यटन विस्तार की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सचिव पर्यटन एवं मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक इलैयाराजा टी। और मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव बर्णवाल ने कहा कि टूर ऑपरेटर्स और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के प्रतिनिधि प्रदेश के पर्यटन ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभा रहे हैं। एग्जिबिशन का मुख्य आकर्षण ग्रामीण पर्यटन रहा, जिसके लिए मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट परिसर में एक विशेष प्रतिकृति पर्यटन ग्राम पंचवटी तैयार की गई। पर्यटन ग्राम पंचवटी में ग्रामीण होम-स्टे की सुंदरता दिखाई दी।

