प्रतिबंधित कार्बाइड गन के अवैध निर्माण और बिक्री के खिलाफ जबलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच, थाना कुंडम और थाना मदनमहल पुलिस की टीम ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 39 किलो 500 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड, 14 कार्बाइड गन, सात सर्किट और सात प्लास्टिक पाइप जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ जिला दंडाधिकारी के प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर की शाम क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि बाजार मोहल्ला बघराजी निवासी 58 वर्षीय दशरथ बड़गइयां अपने मकान में बिक्री के लिए कार्बाइड गन रखते हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच और कुंडम पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में सीढ़ियों के पास प्लास्टिक पाइप से तैयार 10 कार्बाइड गन, बनाने में इस्तेमाल होने वाले सात प्लास्टिक पाइप, सात सर्किट और बोरी में रखा 11 किलो 500 ग्राम कार्बाइड बरामद हुआ। पुलिस ने सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस एवं विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(बी) के तहत कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस टीम ने बघराजी स्थित एक दुकान पर भी दबिश दी। दुकान संचालक 29 वर्षीय चित्रांश साहू निवासी ग्राम बघराजी के कब्जे से प्लास्टिक पाइप से तैयार चार कार्बाइड गन बरामद की गईं। पुलिस ने इन गनों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस के तहत कार्रवाई की। मदनमहल पुलिस ने भी इस मामले में 28 किलो कार्बाइड जब्त किया है। दूसरी कार्रवाई में मदनमहल पुलिस ने 29 अक्टूबर को पेट्रोलिंग के दौरान बंसल ब्लड बैंक के पास सुखेजा टावर स्थित लाठिया ट्रेडर्स पर जांच की। दुकान संचालक 49 वर्षीय विजय साहू, निवासी गोल्डन टाउन, माढ़ोताल की दुकान में रखे ड्रम से 28 किलो कैल्शियम कार्बाइड बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 2800 रुपये बताई गई है।
समाचार
पुलिस ने जब्त कीं 14 कार्बाइड गन
30 अक्टूबर 2026 को 11:24 pm बजे
