पुलिस जांच में नितेश के बयान में विरोधाभास मिले। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से प्रेम संबंध और सुपारी की साजिश सामने आई
पुलिस के मुताबिक, वर्षा तुरकर की हत्या की साजिश नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल ने रची थी। मोना ने पड़ोसी के जरिए 13 लाख रुपए की सुपारी दी थी। 14 नवंबर को महाराष्ट्र के बोंडरानी गांव के जंगल में वर्षा पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने मोना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं
मध्य प्रदेश के बालाघाट की इंडिगो एयरलाइन कर्मचारी वर्षा तुरकर (35) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, इस हत्या की साजिश उनके बॉयफ्रेंड नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल ने रची थी। मोना ने पड़ोसी के जरिए 13 लाख रुपए की सुपारी दी थी। वर्षा बालाघाट जिले के खैरलांजी तहसील के किन्ही गांव की रहने वाली थीं। 14 नवंबर को महाराष्ट्र के बोंडरानी गांव के जंगल में उनकी हत्या की गई। गोंदिया अपराध शाखा ने गुरुवार को मोना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं। वर्षा पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो के टिकट काउंटर पर काम करती थीं। वे पुणे के धानोरी इलाके में रहती थीं। दिवाली की छुट्टियों में वे अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मायके आई थीं। उनकी शादी 2024 में हुई थी। उनके पति इंदौर में रहते हैं। 14 नवंबर को वर्षा अपने परिचित नितेश अग्रवाल के साथ गोंदिया जिले के तिरोड़ा गई थीं। लौटते समय दोनों महाराष्ट्र के बोंडरानी गांव में शिव मंदिर के पास जंगल में रुके। शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच बाइक से आए तीन युवकों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया। उनके पेट और पीठ पर कई वार किए गए। हमलावर वारदात के बाद भाग गए। शुरुआत में नितेश ने वर्षा के परिजन को फोन कर बताया था कि जंगल में नकाबपोश बदमाशों ने हमला किया और लूटपाट की। नितेश को हमले में कोई चोट नहीं आई थी। पुलिस को उसके बयान में विरोधाभास नजर आए। पुलिस ने नितेश से पूछताछ की और लूटपाट समेत दूसरे पहलुओं पर जांच शुरू की। बाद में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल में हत्या के पीछे प्रेम संबंधों का विवाद और सुपारी देने की साजिश सामने आई। पुलिस के मुताबिक, वर्षा और नितेश के बीच प्रेम संबंध थे। नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल (41) इस रिश्ते से परेशान थी। उसने वर्षा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए मोना ने अपने पड़ोसी कुणाल श्यामलाल कुंभलकर (31) की मदद ली। कुणाल ने गोंदिया के शाहरुख खान फिरोज खान पठाण (33) से संपर्क कराया। शाहरुख ने वर्षा की हत्या के लिए 13 लाख रुपए की सुपारी तय की। इसके बाद शाहरुख ने हत्या को अंजाम देने के लिए तीन युवकों को तैयार किया। इनमें इमरान करीम शेख (26), नलेन उर्फ नायला शेख (24) और क्रिश राऊत (19) शामिल थे। तीनों गोंदिया के मुरी इलाके के संजय नगर के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि नितेश जिस कार से वर्षा को घुमाने ले गया था, वह मोना के नाम पर रजिस्टर्ड थी। कार में टोयोटा आई-कनेक्ट जीपीएस सिस्टम लगा था। मोना ने इसकी लॉगिन आईडी और पासवर्ड हमलावरों को उपलब्ध करा दिए थे।

