सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित दौड़ में युवाओं ने लिया हिस्सा
भोपाल में राष्ट्रीय एकता दिवस पर 12 किलोमीटर की 'रन फॉर यूनिटी' दौड़ का आयोजन हुआ, जिसमें हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में आगे आने की अपील की
भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र के फंदा ब्लॉक स्थित हरिहर नगर में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित इस दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। करीब 12 किलोमीटर की इस मैराथन के माध्यम से युवाओं ने 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम में हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने युवाओं का मनोबल बढ़ाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के सपनों का भारत बनाने के लिए युवा शक्ति को आगे आना अत्यंत आवश्यक है। युवाओं की आंखों में आज भी सरदार पटेल के विचार और राष्ट्र निर्माण के उनके संकल्प की झलक दिखाई देती है। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए युवाओं को राष्ट्रभाव के साथ मिलकर काम करना चाहिए। विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि सरदार पटेल की जयंती पर देशभर में राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा का निर्वाह करते हुए हरिहर नगर में फंदा क्षेत्र के युवाओं ने एकता दौड़ का सफल आयोजन किया। इस कार्यक्रम में फंदा जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत अपनी टीम और स्थानीय लोगों के साथ शामिल हुए। विधायक ने दौड़ में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और कहा कि सरदार पटेल के सपनों के भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक को अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण तीरथ सिंह मीना, जनपद एवं मंडल अध्यक्ष प्रमोद राजपूत, जिला महामंत्री सत्यनारायण शर्मा, रवि राजपूत, राहुल परिहार सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

