दमोह में आयोजित सेवा सेतु शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ करीब 110 हितग्राहियों को प्रदान किया गया। इस दौरान मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को 10 वर्षों के लिए मत्स्य पट्टे भी जारी किए गए। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन और शासन-प्रशासन के बीच की दूरी को समाप्त करना है, ताकि नागरिक एक ही मंच पर अपनी समस्याएं रख सकें और अधिकारी-कर्मचारी व जनप्रतिनिधि उनकी बात सुनकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर सकें। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि केवल हितलाभ देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आमजन का विश्वास जीतना भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे सेवा को अपना संकल्प बनाएं। शिविर में सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से दिव्यांग पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। वहीं लाड़ली बहना योजना के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। नगरपालिका दमोह द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत 30 हितग्राहियों को प्रथम किस्त के रूप में ₹30 लाख की राशि आवंटित की गई तथा प्रमाण-पत्र जारी किए गए। विधायक जयंत मलैया ने कहा कि क्षेत्र में ऐसी कई बहनें और परिवार हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला, उन्हें भी लाभान्वित किया जाएगा। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने इस बात पर जोर दिया कि आमजन के लिए केवल कार्यालय, पद, नियम या प्रक्रिया महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उसे मिलने वाली सेवा, सम्मान और उसकी समस्या के समाधान का वास्तविक महत्व है। उन्होंने कहा कि कई बार शासन की योजनाएं फाइलों तक सीमित रह जाती हैं, जबकि उनका वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक आवेदन का प्रभावी निराकरण करना है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन को अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनाया जा रहा है, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ सम्मानपूर्वक, समय पर और पारदर्शी तरीके से मिल सके। कलेक्टर ने अधिकारियों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कानून के दायरे में पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने की सलाह दी, ताकि आमजन के बीच शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि किसी एक समस्या का प्रभावी निराकरण भी आमजन के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकता है। इस अवसर पर रमन खत्री, संजय सेन, महेश पटेल, रामेश्वर चौधरी ने भी शासन की योजनाओं और संकल्प सेवा अभियान के संबंध में अपनी बात विस्तार से रखी। शिविर में कुल ₹51 लाख 42 हजार की राशि के हितलाभ वितरित किए गए, जिसमें प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स योजना के हितग्राहियों को भी लाभ प्रदान किया गया।
समाचार
सेवा सेतु शिविर में 110 हितग्राहियों को ₹51.42 लाख के हितलाभ वितरित
5 अक्टूबर 2026 को 12:05 am बजे

सेवा सेतु शिविर में 110 हितग्राहियों को ₹51.42 लाख के हितलाभ वितरित
