बुधवार दोपहर करीब 3:55 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पार्सल विभाग के पास फूड स्टॉल से आग फैली, प्लेटफॉर्म शेड को नुकसान पहुंचा
जबलपुर के मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग उस समय लगी जब पार्सल विभाग के पास स्थित एक फूड स्टॉल में लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों और धुएं से प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:55 बजे फूड स्टॉल में आग लगने की घटना सामने आई। आग तेजी से फैलकर पास रखे पार्सल के बंडलों तक पहुंच गई। इस दौरान प्लेटफॉर्म के शेड को भी नुकसान पहुंचा। घटना के समय प्लेटफॉर्म पर एक ट्रेन खड़ी थी, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई। हालांकि आग ट्रेन के कोच तक नहीं पहुंची। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लंबी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित करने की कार्रवाई की गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थान पर आगजनी की इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

