मुख्यमंत्री डॉ. यादव 1 नवंबर को राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे, 3 नवंबर तक चलेगा उत्सव
मध्य प्रदेश अपना 71वां स्थापना दिवस 1 से 3 नवंबर, 2026 तक तीन दिवसीय 'राज्योत्सव' के रूप में मनाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 01 नवंबर को लाल परेड ग्राउंड में मुख्य सांस्कृतिक समारोह और विकास प्रदर्शनियों का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और देशज व्यंजन मेले का उद्घाटन भी होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शाम 6:30 बजे से मुख्य आतिथ्य में होने वाली सांस्कृतिक संध्या और समारोह का भी शुभारंभ करेंगे, जहां वे प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देंगे और विकास के नए संकल्पों की रूपरेखा साझा करेंगे। राज्योत्सव मध्य प्रदेश की सात दशकों की गौरवशाली विकास यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएगा। तीन दिवसीय उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुगम संगीत, लोक एवं जनजातीय प्रस्तुतियां, वाद्यवृंद, भव्य आतिशबाजी, हस्तशिल्प और विकास प्रदर्शनियों के साथ-साथ देशज व्यंजनों का मेला भी लगेगा। शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को 'भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति' और एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान करेंगे। इस योजना के तहत खंडवा जिले से सर्वाधिक 6 विद्यार्थी चयनित हुए हैं। कृषि ज्ञान और शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित 'किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज' के 165 विजेताओं को मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुरस्कृत करेंगे।
