भोपाल में आबकारी विभाग ने शनिवार देर रात अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थलों पर जाम छलकाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। अलग-अलग टीमों ने शहर के कई इलाकों में दबिश देकर 34 प्रकरण दर्ज किए। इस दौरान दोपहिया वाहनों सहित करीब 1.56 लाख रुपये मूल्य की अवैध मदिरा जब्त की गई। विभाग की एक टीम ने बागसेवनिया क्षेत्र में घेराबंदी कर हबीबगंज निवासी श्रीकांत बावस्कर को स्कूटर से 200 पाव देसी मसाला शराब ले जाते हुए पकड़ा। जब्त शराब और स्कूटर की कीमत करीब 66 हजार रुपये आंकी गई है। एक अन्य कार्रवाई रंगमहल चौराहे पर की गई, जहां बाइक पर 144 पाव देसी प्लेन शराब का अवैध परिवहन पकड़ा गया। यहां जब्त वाहन और शराब की कीमत 90 हजार 900 रुपये है। भोपाल में शराब से मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई है, और अब विसरा जांच होगी। वहीं रायसेन रोड स्थित रेस्टोरेंट और ढाबों पर भी टीम ने छापा मारा। टीम ने रायसेन रोड स्थित पेंडियम, शामियाना, समायरा ग्रीन, हेरिटेज बाग, क्लाउड 11, आचमन, लक्स और शाहीपिंड जैसे रेस्टोरेंट व ढाबों की देर रात सघन चेकिंग की। यहां अवैध रूप से शराब पिलाने और पीने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36 (ए/बी) के तहत 32 प्रकरण बनाए गए। अभियान के बारे में सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सार्वजनिक रूप से शराब पीने वालों पर भी इसी तरह कार्रवाई होगी। विभाग ने शहर में बढ़ती ऐसी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए अभियान तेज करने की बात कही है।
समाचार
भोपाल में 1.56 लाख की शराब जब्त
16 नवंबर 2026 को 10:46 pm बजे
