सागर के डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में गौर उत्सव के तहत सोमवार रात सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वर्ण जयंती सभागार में हुए इस कार्यक्रम में शास्त्रीय गायन, कथक और गजल की प्रस्तुतियां हुईं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभागार में मौजूद शिक्षकों, विद्यार्थियों और श्रोताओं का मन मोह लिया। कथक की प्रस्तुतियां देखकर दर्शक झूम उठे। विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक परिषद की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में भोपाल के संगीतकार डॉ. विनोद मिश्रा ने शास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया। उन्होंने शिव तांडव, रामचरित मानस और पौराणिक कथाओं पर आधारित रचनाओं को शास्त्रीय अंदाज में पेश किया। इन रचनाओं में भक्ति और परंपरा का भाव साफ झलकता रहा। श्रोताओं ने हर प्रस्तुति को उत्साह से सराहा। इसके बाद सतना के जयपुर घराने की साक्षी शर्मा और उनकी टीम ने कथक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को नृत्य के माध्यम से दिखाया गया। नृत्य के हर भाव में कहानी को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। भोपाल के गजल गायक और तबला वादक उस्ताद सलीम अल्लाहवाले ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। उनकी गजलों और तबले की संगत ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उस्ताद अलाउद्दीन खान अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर मौजूद रहे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागेश दुबे, प्रो. आरके त्रिवेदी, प्रो. संतोष शुक्ला, प्रो. सुशील काशव, प्रो. रणवीर सिंह, डॉ. संध्या पटेल और डॉ. संजय शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। गौरतलब है कि डॉ. सर हरीसिंह गौर के 157वें जन्मदिवस पर 20 से 26 नवंबर तक विश्वविद्यालय में गौर उत्सव आयोजित किया जा रहा है। उत्सव के दौरान कई सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम होंगे।
समाचार
गौर उत्सव में शास्त्रीय गायन और कथक की प्रस्तुति
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे
गौर उत्सव में शास्त्रीय गायन और कथक की प्रस्तुति
