नगर निगम आयुक्त आरपी अहिरवार ने 30 अक्टूबर को शक्ति आदेश जारी कर भवन अनुज्ञा शाखा की शक्तियां अपर आयुक्त को सौंपी थीं। इसके बावजूद उपायुक्त अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर फाइलों को मंजूरी दे रहे हैं। यह आदेश की सीधी अवहेलना मानी जा रही है। आयुक्त के इस आदेश के बाद भी उपायुक्त भुवन गुप्ता की ओर से फाइलों पर स्वीकृति दिए जाने की शिकायतें सामने आईं। अब इस मामले में नगर निगम ने उपायुक्त भुवन गुप्ता और कार्यपालन यंत्री एनके डेहरिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में दोनों से जवाब मांगा गया है। नोटिस में उपायुक्त से यह भी पूछा गया है कि वे अधिकार क्षेत्र से बाहर की नस्तियां क्यों भेज रहे थे। कार्यपालन यंत्री एनके डेहरिया से पूछा गया है कि स्वीकृति के बाद कार्रवाई करते समय उन्होंने आपत्ति क्यों नहीं जताई। दोनों अधिकारियों से तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया था। निजी प्रोजेक्टों में ईडब्ल्यूएस आवास मुक्त कराने के आधार पर भी जवाब मांगा गया है। स्थल सत्यापन की प्रक्रिया और 30 अक्टूबर के आदेश के पालन में हुई देरी पर भी सवाल उठाए गए हैं। इन बिंदुओं पर अधिकारियों की ओर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। अपर आयुक्त अभिषेक सराफ ने इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि दोनों अधिकारियों को नोटिस जारी किया जा चुका है। अब तक इस संबंध में कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ है।
समाचार
आयुक्त के शक्ति आदेश को दरकिनार कर फाइलें मंजूर, उपायुक्त और कार्यपालन यंत्री पर नोटिस
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे
