दो दिवसीय धार्मिक आयोजन के पहले दिन तुलसी विवाह भी हुआ
नगर सेठ विवेक रुठिया एवं रुठिया परिवार के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में खाटू श्याम के भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर हुए और 51 किलो घी के हलवे का वितरण हुआ
संकल्प वृद्धाश्रम एवं नशा मुक्ति केन्द्र में देवउठनी ग्यारस के अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के पहले दिन शुक्रवार को भगवान खाटू श्याम के नाम भव्य भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी नगर सेठ विवेक रुठिया और रुठिया परिवार के सौजन्य से हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और महिलाएं शामिल हुईं। भक्तिमय माहौल में पूरा परिसर श्याम बाबा के भजनों से गूंजता रहा। इसी दिन पहले दिन तुलसी विवाह का आयोजन भी किया गया। पंडित सुनील पाराशर ने बताया कि देवउठनी ग्यारस के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। उन्होंने तुलसी विवाह की पौराणिक मान्यता के बारे में जानकारी दी। मान्यता के अनुसार पतिव्रता वृंदा की भक्ति से असुर जलंधर अजेय था। धर्म की रक्षा के लिए भगवान विष्णु ने जलंधर का रूप धारण किया। सत्य जानने पर वृंदा ने भगवान को शिला बनने का श्राप दिया। इसी प्रसंग से भगवान शालिग्राम और तुलसी के पौधे की कथा जुड़ी मानी जाती है। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान खाटू श्याम के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। दोपहर 12 बजे से आयोजित भजन- कीर्तन में भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक मधुर भजन प्रस्तुत किए। श्याम बाबा की महिमा से ओतप्रोत भजनों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर संकल्प वृद्धाश्रम की ओर से बाबू सिंह, रितेश माहेश्वरी और महेश कुमार आदि ने अतिथियों का स्वागत सम्मान किया। सम्मानित अतिथियों में नारी शक्ति महिला मंडल की अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल, कथा वाचक साक्षी गुप्ता और संस्कार मंच के प्रभारी मनोज दीक्षित मामा शामिल थे। अग्रवाल महिला मंडल की पूर्व अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल सहित अन्य महिलाओं का भी सम्मान किया गया। कथा वाचक साक्षी गुप्ता ने प्रवचन में भगवान खाटू श्याम की महिमा का वर्णन किया।
