भोपाल में तीन साल पुरानी दोस्ती उस वक्त कड़वी हो गई जब एक युवक ने युवती से लैपटॉप वापस मांगा तो विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी युवक ने कार के अंदर ही युवती के साथ मारपीट की और उसे देर रात होटल के बाहर छोड़कर फरार हो गया। घायल युवती ने घर पहुंचकर अपने पिता को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पिता शहडोल से भोपाल पहुंचे। पिता ने बेटी का इलाज कराया और फिर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय युवती मूल रूप से शहडोल की रहने वाली है। उसने बीटेक की पढ़ाई पूरी की है और भोपाल की एक निजी कंपनी में आर्किटेक्ट के तौर पर काम कर चुकी है। करीब छह महीने पहले उसने नौकरी छोड़कर अपने गृह जिले का रुख किया था। एक सप्ताह पहले ही वह भोपाल लौटी थी। उसकी पहचान विकास यादव से करीब तीन साल पुरानी बताई जा रही है। युवती ने पुलिस को बताया कि विकास कुछ समय पहले उससे लैपटॉप मांगकर ले गया था। जब उसने अपना लैपटॉप वापस मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद विकास उसे कार से 12 नंबर मल्टी ले गया। वहां कुछ बातचीत के बाद उसने युवती को होटल राजहंस में खाना खाने चलने के लिए कहा। रात करीब 12 बजे होटल के बाहर लैपटॉप को लेकर दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान विकास ने कार के अंदर युवती के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर कार से भाग निकला। युवती ने रैपिडो बुक की और अपने घर पहुंची। घर पहुंचकर युवती ने अपने पिता को वीडियो कॉल किया।
समाचार
युवती से लैपटॉप मांगा, दोस्त ने की मारपीट
1 नवंबर 2026 को 10:51 pm बजे
युवती से लैपटॉप मांगा, दोस्त ने की मारपीट
