भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की पार्किंग से एक्टिवा चोरी का मामला सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक पार्किंग से स्कूटी ले जाता दिखाई दे रहा है। वह पहले वहां मौजूद कर्मचारियों से बातचीत करता है और फिर स्कूटी लेकर निकल जाता है। मामले में जहांगीराबाद निवासी 27 वर्षीय आदित्य प्रधान ने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 22 नवंबर की रात करीब 7 बजे की है। आदित्य रेलवे स्टेशन पर सामान देने आया था। उसने अपनी सफेद रंग की होंडा एक्टिवा (एमपी04यूए8127) आरएमएस के पास बनी पार्किंग में खड़ी की थी। सामान देकर लौटने पर स्कूटी वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। आदित्य ने पुलिस को बताया कि स्कूटी की डिग्गी में ब्राउन रंग का पॉकेट पर्स रखा था। इसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड और एसबीआई का एटीएम कार्ड था। चोरी गई एक्टिवा की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है। पार्किंग में लगे सीसीटीवी फुटेज में एक युवक स्कूटी ले जाता दिखाई दे रहा है। आशंका है कि उसने स्कूटी का लॉक तोड़कर चोरी की। फुटेज में वह पार्किंग कर्मचारियों से बातचीत करता भी नजर आ रहा है। आरोपी का नाम रईस बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी उसकी पहचान और घटना में भूमिका की पुष्टि नहीं की है। पार्किंग संचालक राशिदा ने स्टेशन परिसर में अवैध आवाजाही को चोरी की घटनाओं की वजह बताया है। उनका आरोप है कि पानी, पार्सल, ढोकले और समोसे बेचने वाले कई लोग बिना पर्ची और शुल्क दिए पार्किंग के रास्ते स्टेशन परिसर में आते-जाते हैं। उन्हें रोकने पर पार्किंग कर्मचारियों के साथ मारपीट और अभद्रता की जाती है।
समाचार
सीसीटीवी में कैद युवक, स्टेशन पार्किंग से एक्टिवा चोरी
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे

सीसीटीवी में कैद युवक, स्टेशन पार्किंग से एक्टिवा चोरी
