शिव कॉलोनी निवासी शिरीष गुप्ता को दिल में तेज दर्द उठा। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन डबरा नगर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था ने काल बनकर रास्ता रोक लिया। रेलवे ओवर ब्रिज पर वाहनों का भारी जाम लगा था, जिसमें उनका वाहन फंस गया। इसी दौरान शिरीष गुप्ता की हालत बिगड़ती चली गई। जैसे-तैसे उन्होंने गाड़ी को जाम से बाहर निकाला और अस्पताल की ओर बढ़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद शिरीष गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि यदि रेलवे ब्रिज पर जाम नहीं लगता, तो वे समय पर अस्पताल पहुंच जाते और शायद उनकी जान बच जाती। यह घटना डबरा नगर की अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था की पोल खोलती है। शहर में ट्रैफिक नियंत्रण के अभाव में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही और अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाचार
डबरा में जाम ने ली हृदय रोगी की जान
6 अक्टूबर 2026 को 10:24 pm बजे
