खाद्य सुरक्षा टीम ने दमोह में ₹49 हजार की 152.5 किलो मिठाई जब्त की
आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने दमोह जिले में मिठाई दुकानों की सघन जांच शुरू की है। इसी क्रम में दमोह शहर में खाद्य सुरक्षा जांच दल ने मिठाई विक्रेताओं के यहां औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बस स्टैंड स्थित बालाजी स्वीट्स की जांच की गई, जहां कृष्ण ब्रांड स्वीट, राधिका मिक्स केक और दैविक ब्रांड बर्फी के नमूने परीक्षण के लिए गए। निरीक्षण के दौरान परिसर में संदिग्ध बर्फी, मिक्स केक और स्वीट की कुल 152.5 किलो (1.5 क्विंटल) मात्रा पाई गई, जिसका बाजार मूल्य ₹ 49010 था। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इस सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया और नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जब्त की गई खाद्य सामग्री को परिसर के डीप फ्रीजर में सीलबंद कर सुरक्षित रखा गया है। इसी तरह बकौली चौक स्थित गुजरात नमकीन भंडार का भी निरीक्षण किया गया। यहां परिसर में संग्रहित रतलामी सेव, मिल्क केक एवं गरी के लड़्डू के नमूने भी जांच के लिए गए। अधिकारियों ने इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए नमूने एकत्र किए। इसके अतिरिक्त, घंटाघर स्थित कैलाश भंडार स्वीट्स से केसर पेड़ा, नमकीन और दूध बर्फी के नमूने भी जांच हेतु लिए गए।
