इंदौर नगर निगम को मिलियन प्लस सिटी श्रेणी में देश में पहला पुरस्कार मिला
मध्य प्रदेश ने पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में राष्ट्रीय स्तर पर दो बड़े पुरस्कार जीते हैं। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित 'स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026' समारोह में प्रदेश को सम्मानित किया। प्रदेश ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य और सर्वाधिक ऋण वितरण, दोनों श्रेणियों में देश में पहला स्थान हासिल किया है। मिलियन प्लस सिटी श्रेणी में इंदौर नगर निगम को देश में पहला पुरस्कार मिला है। टाउन सिटी श्रेणी में नगर पालिका परिषद सारणी दूसरे और नगर पालिका परिषद बालाघाट तीसरे स्थान पर रही। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने ये राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। मध्य प्रदेश की ओर से नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे और अपर आयुक्त एवं मिशन संचालक पीएम स्वनिधि शिशिर गेमावत ने पुरस्कार प्राप्त किए। इंदौर ने पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और वित्तीय समावेशन में उल्लेखनीय कार्य किया है। सारणी और बालाघाट ने पात्र पथ विक्रेताओं की पहचान, ऋण आवेदन और बैंकों के साथ समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदेश के 10.87 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को पीएम स्वनिधि योजना से आर्थिक संबल मिला है।
