मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन में यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस- 2026 समारोह में युवाओं से संवाद किया। उन्होंने तीन दिवसीय इस आयोजन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने यंग थिंकर्स और सुधिजनों को देवोत्थान एकादशी (तुलसी विवाह) की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज से श्रीहरि विष्णु योगनिद्रा से जाग गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा ही देश और समाज में परिवर्तन लाते हैं। यह समय सबके जागने और समाज को जगाने का भी है। देवोत्थान एकादशी पर सभी को नए विचारों और नए संकल्पों के साथ जागृत होना चाहिए। हमें अपने भविष्य की चुनौतियों से मुकाबले के लिए भी तैयार रहना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में भारत विश्व का सबसे युवा देश है। यह हमारी पूंजी भी है। लेकिन युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति फोकस्ड रहना होगा। उन्हें प्रतिस्पर्धियों से आगे निकलने के लिए खुद को योग्य बनाना होगा। इसके लिए युवाओं को सही दिशा दिखाने की आवश्यकता है। यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस-2026 का उद्देश्य भी यही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन में भारतीय ज्ञान परंपरा और दर्शन सहित 300 से अधिक विषयों पर वैचारिक मंथन होगा। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का एकमात्र देश है जो हर तरह के विचारों और धारणाओं का स्वागत करता है। यहां विचारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, और यह हमारी खूबी है। मुख्यमंत्री ने थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस-2026 की सराहना की। देश भर से पंजीयन और चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए युवाओं के विचारों का यह संकलन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' संकल्प को सिद्ध करेगा। मुख्यमंत्री ने उज्जैन के लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में इस आयोजन के आठवें संस्करण का शुभारंभ किया। इसमें देश के 26 राज्यों से चयनित लगभग 350 युवा विद्वान, अचीवर्स, कलाकार और लेखक भाग ले रहे हैं। समारोह में मुख्यमंत्री ने लेखक श्रीकृष्ण श्रीवास्तव की पुस्तक 'अल्लामा इक़बाल के दो चेहरे' का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की ऊर्जा, योग्यता, कौशल और नवाचारी सोच का उपयोग मध्य प्रदेश के विकास में किया जाएगा। सरकार युवाओं को हरसंभव अवसर उपलब्ध कराएगी।
समाचार
मुख्यमंत्री यादव का युवाओं से संवाद, अगला वर्ष होगा युवा वर्ष
20 नवंबर 2026 को 11:05 pm बजे
मुख्यमंत्री यादव का युवाओं से संवाद, अगला वर्ष होगा युवा वर्ष
