मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को पांढुर्णा जिले में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पांढुर्णा सहित प्रदेश के नवीन जिलों का तीव्र गति से विकास और नागरिक सुविधाएं सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांढुर्णा जिले के नवीन निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृतियां लगातार जारी की जा रही हैं और जिले के विकास में कोई बाधा नहीं आएगी। उन्होंने हनुमान लोक के अगले चरण के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और तीव्र गति से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और स्थानीय उत्पादों की सराहना की। बैठक में मुख्यमंत्री यादव को बताया गया कि जिले में अब तक 112 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इनमें सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा, सांदीपनि विद्यालय सौंसर, पुलिस कंट्रोल रूम पांढुर्णा और हनुमान लोक का प्रथम चरण शामिल हैं। वर्तमान में 248 करोड़ रुपये के विकास कार्य निर्माणाधीन हैं, जिनमें शासकीय कार्यालय, सड़कें, पुल और नलजल योजनाएं शामिल हैं। हनुमान लोक के लोकार्पण के बाद से इसकी औसत मासिक आय 25 लाख रुपये से बढ़कर 60 लाख रुपये हो गई है।
समाचार
मुख्यमंत्री यादव ने पांढुर्णा जिले के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी
6 अक्टूबर 2026 को 10:24 pm बजे
