पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में रेल परिचालन को तेज करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। तीन रेलखंडों पर लंबे समय से लागू स्थायी गति प्रतिबंध (पीएसआर) हटा दिए गए हैं। इसके साथ ही कुछ हिस्सों में ट्रेनों की अधिकतम गति 90, 110 और 130 किमी प्रति घंटा तक कर दी गई है। तकनीकी और इंजीनियरिंग सुधारों के बाद रेलवे ने यह फैसला लिया है। इससे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और समयपालन में सुधार की उम्मीद है। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में रेलवे ने तीन रेलखंडों पर स्थायी गति प्रतिबंध (पीएसआर) हटा दिए हैं। इससे इन रेलखंडों के निर्धारित हिस्सों में ट्रेनें पहले से अधिक गति से चल सकेंगी। करोद-आगासोद और बीना-महादेवखेड़ी रेलखंडों पर 10 किमी प्रति घंटे का प्रतिबंध हटाया गया है। वहीं, बीना-कुरवाई केथोरा रेलखंड पर अधिकतम गति 120 से बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटा कर दी गई है। डीआरएम पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में यह कदम उठाया गया है। रेलवे ने संशोधित आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, इन रेलखंडों में तकनीकी और इंजीनियरिंग सुधार किए गए हैं। इसके बाद गति प्रतिबंध हटाने का निर्णय लिया गया। इससे रेल परिचालन की क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों के समयपालन में भी सुधार आने की उम्मीद है। करोड़-आगासोद (डाउन लाइन) में किलोमीटर 984/17 से 984/19 तक पहले 10 किमी प्रति घंटे का गति प्रतिबंध लागू था। अब इसे हटा दिया गया है और अधिकतम अनुमेय गति 90 किमी प्रति घंटा कर दी गई है। बीना-महादेवखेड़ी (डाउन लाइन) में किलोमीटर 975.400 से 975.700 तक पहले 10 किमी प्रति घंटे का गति प्रतिबंध था। इसे हटाकर अधिकतम अनुमेय गति 110 किमी प्रति घंटा कर दी गई है।
समाचार
भोपाल मंडल में ट्रेनों की बढ़ी रफ्तार
13 नवंबर 2026 को 11:08 pm बजे
