भोपाल मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर आए दावे-आपत्तियों और सुझावों की स्क्रूटनी पूरी हो गई है। अब 16 नवंबर से हुजूर तहसील कार्यालय में सुनवाई शुरू होगी। पहले दिन सिर्फ अरेरा कॉलोनी के 1637 लोगों को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। सुनवाई सुबह 11 से शाम 6 बजे तक चलेगी। यानी 7 घंटे में 1637 लोगों को सुनना होगा। यदि सभी को अलग-अलग सुना जाए तो हर व्यक्ति के हिस्से औसतन महज 15 सेकंड आएंगे। इसमें ब्रेक और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं का समय शामिल नहीं है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि एक जैसी आपत्तियों को समूह में सुना जाएगा। इससे समय बचेगा। प्रत्येक व्यक्ति को नोटिस में सुनवाई का समय दिया गया है। फिलहाल ऑफलाइन सुनवाई होगी। ऑनलाइन के लिए अलग से तारीख तय की जाएगी। इसमें सिर्फ उन्हीं लोगों को सुना जाएगा, जिन्होंने पहले लिखित में ऑनलाइन सुनवाई की मांग की थी। रहवासी क्षेत्र का मूल आवासीय स्वरूप बनाए रखने और दूसरी गतिविधियों को अनुमति नहीं देने की मांग करेंगे। व्यापारी सीलिंग की कार्रवाई और उसके डर से कारोबार पर पड़ रहे असर की बात रखेंगे। संयुक्त रहवासी संघ समिति के विवेक त्रिपाठी ने कहा कि अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के नियमितीकरण पर रोक लगाने की मांग की जाएगी। प्लान के ड्राफ्ट में मौजूद विरोधाभास दूर करने की मांग भी की जाएगी। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ने भोपाल मास्टर प्लान-2047 का ड्राफ्ट 25 सितंबर को जारी किया था। दावे-आपत्तियां 25 अक्टूबर तक बुलाई गई थीं। व्यक्तिगत रूप से, ईमेल और ऑनलाइन कुल 14,300 आवेदन मिले। छंटनी में 3000 से अधिक आवेदनों में एक जैसी आपत्तियां मिलीं। इन्हें हटाने के बाद 10,645 दावे-आपत्तियां और सुझाव बचे। भू-उपयोग पर सबसे ज्यादा आपत्तियां थीं। टीएंडसीपी के संयुक्त संचालक नीरज आनंद लिखार के अनुसार, कुल 10,645 दावे-आपत्तियां और सुझाव मिले। इनमें 6570 भू-उपयोग से जुड़े थे। इसके अलावा 1176 सड़क की चौड़ाई और उपयोग से संबंधित थे। 2544 सुझाव भी मिले हैं। 90 आपत्तियां अस्पष्ट थीं और 31 अन्य श्रेणियों में रखी गईं।
समाचार
मास्टर प्लान-2047: 16 नवंबर से शुरू होगी दावे-आपत्तियों पर सुनवाई
13 नवंबर 2026 को 11:09 pm बजे

मास्टर प्लान-2047: 16 नवंबर से शुरू होगी दावे-आपत्तियों पर सुनवाई
