कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण नहीं होने पर सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने जिले की विभिन्न तहसीलों में पदस्थ तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए हैं। नोटिस प्राप्त करने वाले अधिकारियों में नायब तहसीलदार अटल बिहारी वर्मा (सिंग्रामपुर एवं अभाना), तहसीलदार पारूल चौधरी (दमोह), नायब तहसीलदार प्रीतम सिंह (हिण्डोरिया) और तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी (दमयंतीनगर) शामिल हैं। सूची में नायब तहसीलदार (हिरदेपुर), तहसीलदार मानसी अग्रवाल (पटेरा), नायब तहसीलदार प्यारेलाल विश्वकर्मा (कुम्हारी) और नायब तहसीलदार गुप्ता (लुहारी) भी हैं। तहसीलदार आलोक जैन (हटा), तहसीलदार योगेन्द्र कुमार चौधरी (बटियागढ़), नायब तहसीलदार राजेश कुमार मेहरा (फतेहपुर) और तहसीलदार वृन्देश पाण्डेय (पथरिया) को भी नोटिस दिया गया है। तहसीलदार आशुतोष गुप्ता (जबेरा), अपर तहसीलदार बनवार और नायब तहसीलदार नोहटा के नाम भी इस कार्रवाई में शामिल हैं। CM हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण नहीं होने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तेंदूखेड़ा और प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा छोटेगिरी गोस्वामी को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं। इसके अलावा तहसीलदार तेंदूखेड़ा डॉ. विवेक व्यास, जिला शिक्षा अधिकारी सत्यम चौरसिया, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बटियागढ़ वीरेंद्र श्रीवास्तव और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास छगन सिंह बामनिया को भी नोटिस भेजे गए हैं। नोटिस में बताया गया है कि दूरभाष, पत्र, ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार जानकारी और निर्देश दिए जाते रहे हैं। एमपी एदिस्त्रिच्त पोर्टल पर लंबित आवेदनों की स्थिति भी लाइव प्रदर्शित होती है। राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठकों में भी समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए जाते रहे थे। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों ने लंबित आवेदनों का निराकरण नहीं किया। कलेक्टर ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि आवेदनों के निराकरण में रुचि नहीं लेना और लापरवाही बरतना गंभीर विषय है। संबंधित अधिकारियों से पूछा गया है कि धारा 7 में वर्णित प्रावधानों के तहत उनके विरुद्ध कार्रवाई क्यों न की जाए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समय-सीमा बाह्य लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने और तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं देने पर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
समाचार
लोक सेवा गारंटी में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे
