दमोह के बड़ेपुरा में तेज आवाज में गाने बजाने से एक बुजुर्ग को रोकना भारी पड़ गया। साउंड बंद कराने की बात पर चार युवकों ने उन्हें घेर लिया। युवकों ने बेल्ट से करीब आधे घंटे तक बुजुर्ग की पिटाई की। मारपीट के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो गुरुवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है। बुजुर्ग को बेल्ट से पीटते हुए चार आरोपी वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरिया वार्ड-4 की बताई गई है। बड़ेपुरा में कुछ लोग तेज आवाज में गाने बजा रहे थे। बुजुर्ग ने उनसे साउंड बंद करने को कहा था। लेकिन वे नहीं माने और अनसुनी कर दी। इसके बाद बुजुर्ग घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर पहुंचे। चाकू देखकर साउंड बजा रहे युवकों ने उन्हें घेर लिया। युवकों ने तुरंत बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। बताया गया कि यह मारपीट करीब आधे घंटे तक चलती रही। इस दौरान मौके पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में बुजुर्ग के मारपीट के दौरान कपड़े भी फटते दिखाई दिए। बताया गया कि मारपीट करने वाले युवक पहले बुजुर्ग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुंचे थे। इसी दौरान घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में चारों युवक बुजुर्ग को पीटते साफ दिख रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने युवकों के खिलाफ कार्रवाई की। कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि चार युवकों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
समाचार
दमोह: तेज आवाज में गाने बजाने से रोका तो युवकों ने बुजुर्ग को बेल्ट से पीटा, एफआईआर
12 नवंबर 2026 को 10:25 pm बजे
दमोह: तेज आवाज में गाने बजाने से रोका तो युवकों ने बुजुर्ग को बेल्ट से पीटा, एफआईआर
साझा करेंWhatsApp
