भोपाल पुलिस 15 नवंबर से बदलेगी गणवेश, जर्सी पहनना होगा
भोपाल कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी 15 नवंबर से शीतकालीन गणवेश पहनेंगे। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बुधवार को इसके आदेश जारी कर दिए हैं। इस आदेश के तहत नगरीय पुलिस जिला भोपाल की सभी इकाइयों में तैनात पुलिसकर्मियों को अंगोला शर्ट और खाकी जर्सी पहनना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था पूरे सर्दी के मौसम में लागू रहेगी। पुलिस में अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के लिए तय तारीख से विंटर ड्रेस लागू की जाती है। इससे अलग-अलग रंगों के स्वेटर और जैकेट पहनने की स्थिति नहीं बनती। ठंड से बचाव के लिए यह व्यवस्था की गई है। रात की गश्त और खुले में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को ठंड से बचाने के लिए पुलिस मैनुअल के तहत यह प्रावधान है। अंगोला शर्ट गर्म ऊनी खाकी कपड़े से बनती है और ठंड से बचाती है।

