19 वर्षीय कृष्णा शनिचरे की मौत
बालाघाट जिले के रामपायली थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कस्बीटोला में एक बाइक अनियंत्रित होकर पहले साइकिल से टकराई और फिर एक पिकअप से जा भिड़ी। इस टक्कर में बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में मरने वाले की पहचान कृष्णा शनिचरे (19) के रूप में हुई है। वहीं, बाइक पर सवार दो अन्य युवक और साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सौरभ शनिचरे (19) और उमेश मेश्राम (17) शामिल हैं, जबकि साइकिल सवार भाऊदास सहारे (55) भी गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं। रामपायली निवासी कृष्णा और सौरभ, तथा उमेश मेश्राम खैरी से अपने घर लौट रहे थे। दूसरी ओर, सोनझरा निवासी भाऊदास अपने गांव साइकिल से जा रहे थे। यह हादसा सोनझरा पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां बाइक ने पहले साइकिल को टक्कर मारी। साइकिल को टक्कर मारने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर वारासिवनी से खैरलांजी की ओर जा रही पिकअप से जा टकराई। इस जोरदार टक्कर ने मौके पर ही तबाही मचा दी और एक युवक की जान चली गई। हादसे के बाद घायलों को तुरंत रामपायली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में स्टाफ की कमी के कारण उन्हें समय पर समुचित इलाज नहीं मिल सका, जिससे उनकी स्थिति और गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही रामपायली पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत घायलों को रामपायली अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर करवाया, जहां उनका इलाज जारी है।

