65 लाख के आभूषण जब्त, घटना के 24 घंटे में दबोची गई
नर्मदापुरम पुलिस ने एक शातिर महिला चोर को लगभग 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है, जिसने एक सराफा व्यापारी को बेसमेंट में बंद कर लाखों रुपये के सोने-चाँदी के आभूषण चुराए थे। पुलिस ने चोरी हुए लगभग 65 लाख रुपये कीमत के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। यह घटना 02 नवंबर को शहर के रघुनाथ गली स्थित राज ज्वेलर्स में हुई थी। घटना के दिन दोपहर में एक महिला ग्राहक बनकर दुकान पर आई। उसने चेहरे पर स्कार्फ बांध रखा था और चर्म रोग का बहाना बनाकर अपना चेहरा और भी ढक लिया था। महिला ने पहले मंगलसूत्र का पेंडल देखा और फिर एटीएम से पैसे लाने की कहकर दुकान से बाहर निकल गई। कुछ मिनट बाद, महिला वापस लौटी और कान के टॉप्स देखने की मांग की। जब सराफा व्यापारी आभूषण दिखाने के लिए बेसमेंट स्थित स्टोर रूम में गए, तो महिला ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद उसने काउंटर की दराजों से सोने-चाँदी के आभूषणों के डिब्बे चुरा लिए और फरार हो गई। थाना कोतवाली में व्यापारी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला विवेचना में लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और महत्वपूर्ण तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पूर्व में इटारसी में इसी तरह की चोरी की वारदातों को ध्यान में रखते हुए दोनों स्थानों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इससे संदिग्ध महिला की पहचान करने में मदद मिली। पहचान होने के बाद, पुलिस टीम ने तत्काल इटारसी पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने नर्मदापुरम में हुई चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी सोने-चाँदी के आभूषण जब्त कर लिए। महिला ने यह भी खुलासा किया कि उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए घटना के दौरान पहने कपड़े, स्कार्फ, चप्पल और चोरी किए गए आभूषणों के डिब्बों को जला दिया था।
