भिंड जिले के मौ थाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाला एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में थाने के अंदर अपने चैंबर में बैठे थाना प्रभारी रघुवीर मीणा पर फरियादी को कथित तौर पर गाली देने का आरोप है। इस मामले पर भिंड एसपी सूरज वर्मा की कार्रवाई सामने आई है। मामला दो पक्षों के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि एक फरियादी विवाद की शिकायत लेकर मौ थाने पहुंचा था। फरियादी अपने मोबाइल में विवाद से जुड़ा वीडियो थाना प्रभारी को दिखा रहा था। इसी दौरान थाना प्रभारी रघुवीर मीणा वीडियो के आधार पर फरियादी को ही उसकी गलती बताने लगे। देखते ही देखते बातचीत का लहजा बदल गया। थाना प्रभारी पर फरियादी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करने का आरोप लगा। थाने के चैंबर में हुई इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सवाल यह है कि जिस थाने में आम नागरिक शिकायत और न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचता है, वहां उसके साथ ऐसा व्यवहार हो तो वह अपनी फरियाद लेकर कहां जाएगा? वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए भिंड एसपी सूरज वर्मा ने टीआई रघुवीर मीणा को लाइन अटैच कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल यह कार्रवाई की है। वहीं, मौ थाने की कमान पुलिस लाइन में पदस्थ टीआई अनिल गुर्जर को सौंपी गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस के व्यवहार और थानों में फरियादियों के सम्मान को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। फिलहाल वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
समाचार
भिंड के थाना प्रभारी पर एसपी की कार्रवाई
20 नवंबर 2026 को 11:06 pm बजे

भिंड के थाना प्रभारी पर एसपी की कार्रवाई
