मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे शुभारंभ, 6 देशों की शीर्ष टीमें होंगी शामिल
मध्य प्रदेश पहली बार एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की मेजबानी करेगा। यह प्रतियोगिता 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेली जाएगी। इसमें भारत समेत 6 देशों की शीर्ष महिला हॉकी टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की टीमें भी इस मुकाबले में उतरेंगी। प्रतियोगिता में करीब 150 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इन मुकाबलों का लाइव प्रसारण दुनिया भर के 166 देशों में किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। आयोजन को लेकर मंत्री विश्वास सारंग की मौजूदगी में एमओयू से जुड़ी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। करीब 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में फ्लड लाइट की रोशनी में डे-नाइट मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के लिए भोपाल से ट्रॉफी टूर शुरू किया जाएगा, जो प्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगा। 900 करोड़ की लागत वाले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन होगा। हॉकी के साथ-साथ मध्य प्रदेश की जनजातीय संस्कृति की पहचान भी दुनिया के सामने रखी जाएगी।
