मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि आउटसोर्स कर्मचारियों को बाहर करने के संबंध में फैलाई जा रही बात भ्रामक है। राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा। आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति से जुड़ी वर्तमान व्यवस्था कायम रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में लगभग 40 कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का गजमाला से भव्य स्वागत किया। कर्मचारी संगठनों ने शासकीय सेवाओं में दो संतान की सीमा की नीति को समाप्त करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। संगठनों ने पदोन्नति और वेतन भत्तों में वृद्धि सहित अनेक कल्याणकारी निर्णयों के लिए भी आभार जताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसी सरकार की ताकत और पहचान कर्मचारियों की बुलंदी से होती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के रास्ते पर बढ़ेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण के लिए सरकार और अधिकारी-कर्मचारी एक परिवार की तरह कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है और योजनाएं तैयार करती है। उन्होंने कहा कि उन्हें लागू कर अंतिम पंक्ति के जरूरतमंद तक लाभ कर्मचारी ही पहुंचाते हैं। कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार ने शासकीय सेवकों के लिए दो बच्चे की सीमा की नीति को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदोन्नति में कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी की अर्हता से छूट दी गई है।
समाचार
आउटसोर्स कर्मचारी बाहर नहीं होंगे: मुख्यमंत्री यादव
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे
आउटसोर्स कर्मचारी बाहर नहीं होंगे: मुख्यमंत्री यादव
