ऑनलाइन ऑर्डर लौटाने पर रिफंड न मिलने पर कस्टमर केयर को कॉल करना पड़ा महंगा
भोपाल में ऑनलाइन ऑर्डर लौटाने के बाद रिफंड न मिलने पर कस्टमर केयर से संपर्क करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। खुद को अमेज़न कस्टमर केयर का कर्मचारी बताने वाले साइबर ठग ने फोन-पे के जरिए उनके बैंक खातों से 35 हजार 417 रुपए निकाल लिए। ठग ने पहले बैंक खाते में समस्या बताई। इसके बाद व्हाट्सएप पर संपर्क कर फोन-पे पर कोड दर्ज करवाए। रकम निकलने के बाद पीड़ित को धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस के अनुसार, सुदामा नगर ऐशबाग निवासी दिलशाद खान ने ऑनलाइन सामान ऑर्डर किया था। प्रोडक्ट वापस करने के बाद भी उन्हें रिफंड नहीं मिला। उन्होंने डिलीवरी बॉय से संपर्क किया, जिसने गूगल पर अमेज़न कस्टमर केयर का नंबर सर्च कर शिकायत करने की सलाह दी। इसके बाद दिलशाद ने गूगल से मिले नंबर पर कॉल किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने बैंक खाते में समस्या होने की बात कही। उसने पीड़ित से दूसरा खाता देने को कहा। कुछ देर बाद आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए दिलशाद से संपर्क किया। उसने फोन-पे पर बताए अनुसार कोड दर्ज करने को कहा। पीड़ित ने जैसे ही कोड डाले, उनके बैंक खातों से रकम निकलना शुरू हो गई। आरोपी ने बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 3,458 रुपए निकाले। आईडीबीआई बैंक के खाते से दो ट्रांजेक्शन में 3,458 और 28,501 रुपए निकाल लिए गए। इस तरह तीन ट्रांजेक्शन में कुल 35,417 रुपए की ठगी की गई। बैंक ट्रांजेक्शन के मैसेज मिलने पर पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने आरोपी को दोबारा फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव करना बंद कर दिया।

