30 लीटर हाथ भट्ठी शराब जब्त
भोपाल के रतुआ पठार गांव में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम को यहां जमीन के अंदर दबाए गए शराब से भरे ड्रम मिले, जिन्हें देखकर अधिकारी दंग रह गए। बुधवार दोपहर हुई इस कार्रवाई में करीब 30 लीटर हाथ भट्ठी शराब और 550 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया। अवैध शराब को ढूंढने के लिए टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि इसे इस तरह छुपाया गया था कि कोई आसानी से देख न सके। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि प्रदेश में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र देवांगन और उप निरीक्षक चंदर सिंह ने रतुआ पठार और मनीखेड़ी पठार इलाकों में छापामार कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, शराब से भरे ड्रमों को जमीन के अंदर इस कदर दबाया गया था कि वे आसानी से पकड़ में न आएं। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद इन ड्रमों को खोज निकाला और फिर उनमें भरी शराब को बहा दिया गया। यह गुप्त तरीका शराब के कारोबार से जुड़े लोग इसलिए अपनाते हैं ताकि वे पकड़े न जा सकें। यह कार्रवाई सागर और देवास जैसे जिलों में शराब पीने के बाद हुई घटनाओं के मद्देनजर की गई है। इन घटनाओं के बाद से ही आबकारी विभाग पूरे प्रदेश में अलर्ट मोड़ पर है और अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। विभाग ने रतुआ पठार और मनीखेड़ी पठार जैसे इलाकों में विशेष निगरानी रखी। यहां से बड़ी मात्रा में अवैध शराब के अड्डे और सामग्री जब्त की गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म किया जा सके।
