भोपाल की आदमपुर कचरा खंती में कचरे के निपटारे और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 का पालन न होने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। हाल ही में इस मामले पर बात भी हुई है। इसके बाद नगर निगम ने नए नियमों पर फोकस करना शुरू किया है। नगर निगम डोर-टू-डोर सर्वे कर रहा है। लोगों से कहा जा रहा है कि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग ही दें। सुनवाई के बाद निगम ने रात्रिकालीन कचरा कलेक्शन में भी पृथक्करण पर ध्यान देना शुरू किया है। बीती रात निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार बाजार और रहवासी इलाकों में पहुंचे। उन्होंने लोगों से संवाद किया और गीला-सूखा, डायपर, सेनेटरी वेस्ट व घरेलू हानिकारक कचरे के बारे में जानकारी दी। साथ ही लोगों से डोर-टू-डोर आने वाली गाड़ियों में इन्हें अलग-अलग देने को कहा। इसके अलावा निगम का अमला मंगलवार सुबह भी घूम रहा है। इसके लिए सभी जोन अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी और वार्ड प्रभारी तैनात किए गए हैं। आदमपुर कचरा खंती का मामला नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) से भी जुड़ा है। पर्यावरणविद् डॉ. पांडे ने आदमपुर खंती में आग लगने की घटनाओं को लेकर मार्च 2023 में एनजीटी में याचिका दाखिल की थी। इस पर 31 जुलाई-23 को एनजीटी ने नगर निगम पर 1 करोड़ 80 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। एनजीटी के इस आदेश के खिलाफ निगम ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी। इस पर 16 मई-2025 को सुनवाई हुई थी, जिसमें निगम ने जुर्माने की राशि माफ करने की मांग रखी थी। इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई अब भी चल रही है। 17 नवंबर को हुई सुनवाई में कोर्ट ने नए नियमों पर फोकस करने के आदेश दिए थे। इसके चलते निगम ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए अलग-अलग डस्टबिन में कचरा लेने पर सख्ती की है। भोपाल में हर रोज साढ़े 8 सौ टन कचरा निकलता है।
समाचार
भोपाल: आदमपुर खंती पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, कचरा पृथक्करण पर सख्ती
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे

भोपाल: आदमपुर खंती पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, कचरा पृथक्करण पर सख्ती
