सीमा पार के आकाओं के निर्देश से चलने वाले आतंकियों की संख्या घटी
कुलगाम में सीआरपीएफ के जवानों पर इसी माह हुए हमले में शामिल आतंकी लतीफ भट को मार गिराना सुरक्षा बलों की अहम कामयाबी मानी जा सकती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लतीफ को कश्मीर घाटी में लश्कर-ए-तैयबा का अंतिम ज्ञात स्थानीय आतंकवादी बताया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सुरक्षा बलों की तारीफ भी की है। यह भी सच है कि पिछले वर्षों में सुरक्षा बलों ने आतंकियों के नेटवर्क को कमजोर करने की भरपूर कोशिश की है। इसी वजह से सीमा पार से अपने आकाओं के निर्देश पर चलने वाले स्थानीय आतंकियों और उनके मददगारों की संख्या में काफी कमी आई है। लेकिन चिंता की बात यह है कि कश्मीर घाटी में समय-समय पर स्थानीय लोग, जिनमें अधिकांशत: युवा होते हैं, चरमपंथी संगठनों के बहकावे में आ जाते हैं। जाहिर है इन युवाओं के राह भटकने की कोई एक वजह नहीं हो सकती। बेरोजगारी, दूसरे देशों में बैठे आतंकी संगठनों का ब्रेनवाश और सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा दुष्प्रचार ऐसे कारण हैं। इन्हीं कारणों से स्थानीय युवा आतंक की राह पकड़ता रहा है। बरसों से लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठन पहले युवाओं के मन में असंतोष, अलगाव और कट्टरता के बीज बोते हैं। बाद में उन्हीं युवाओं के हाथों में बंदूक थमा दी जाती है। मोटे तौर पर यह ऐसा वैचारिक युद्ध है, जिसका समय रहते जवाब देना जरूरी है। कश्मीर के युवाओं में यह बात गहराई से बैठाई जा रही है कि देश के दूसरे प्रांतों से आने वाले लोग उनके रोजगार का हक छीन रहे हैं। जाहिर है स्थानीय युवाओं को यथासंभव स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर देने होंगे। उन्हें देश के दूसरे हिस्सों में भेजकर भी रोजी-रोटी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने होंगे।

