मोदी ने बालेन शाह को पिता की पुरानी तस्वीर गिफ्ट की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को उनके पिता डॉ. राम नारायण शाह की एक पुरानी तस्वीर गिफ्ट की। यह फोटो गुजरात के जामनगर में उनकी पढ़ाई के दिनों की है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस तस्वीर को शेयर भी किया है। पिछले साल 77 साल की उम्र में काठमांडू के सिविल अस्पताल में उनका निधन हो गया था। डॉ. राम नारायण शाह ने गुजरात आयुर्वेद यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएशन किया था। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने बालेन शाह को वाराणसी का गंगाजल, बनारसी ब्रोकेड का स्टोल और रामायण की कहानी दिखाती कलमकारी पेंटिंग भेंट की। बनारसी स्टोल को पारंपरिक गुजराती साडेली डिब्बे में रखा गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को बालेन शाह को गंगाजल से भरा कलश भेंट किया। बदले में बालेन ने प्रधानमंत्री मोदी को पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद दिया। डॉ. राम नारायण शाह का जन्म 1948 में नेपाल के महोत्तरी जिले के एकदारा गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम मुनी लाल शाह था। वे इलाके के बड़े जमीन मालिक और प्रभावशाली लोगों में गिने जाते थे। अल जजीरा के मुताबिक, राम नारायण शाह का परिवार खेती और स्थानीय समुदाय से जुड़ा हुआ था। उन्होंने आयुर्वेद को अपना करियर चुना। बेहतर पढ़ाई के लिए वे भारत आए और गुजरात के जामनगर स्थित आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया। यहां उन्होंने पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। यह संस्थान अब इंस्टीट्यूट ऑफ टीचिंग एंड रिसर्च इन आयुर्वेद के नाम से जाना जाता है। 1980 के दशक की शुरुआत में राम नारायण शाह नेपाल लौट आए। यहां उन्होंने सिंह दरबार वैद्यखाना में सरकारी आयुर्वेद डॉक्टर के तौर पर काम शुरू किया। 2001 से 2005 के बीच वे इसी संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर रहे। काठमांडू में रहने के बावजूद वे अपने पुश्तैनी गांव एकदारा से जुड़े रहे।

