अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हर-हर महादेव और जय श्रीहरि के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ते रहे। मंदिर परिसर में आकर्षक विद्युत सजावट और फूलों की सजावट ने माहौल को और भव्य बनाया
कुबेरेश्वरधाम में हरि-हर मिलन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी यह महोत्सव धाम में आयोजित हुआ। इस दिव्य आयोजन में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। शाम होते ही मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह देखते ही बन रहा था। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और फूलों से सजाया गया था। ग्वालियर से आए प्रसिद्ध बैंड-बाजों की मधुर धुनों और ढोल-नगाड़ों के बीच भगवान की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में निकले इस चल समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जैसे ही बैंड-बाजों के साथ पालकी शोभायात्रा शुरू हुई, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। हर-हर महादेव और जय श्रीहरि के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा। महिलाएं, पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में चल समारोह में शामिल हुए। पंडित प्रदीप मिश्रा ने जिला मुख्यालय के समीप चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर एवं कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ और मंदिर जाने तक सीमित नहीं है। सत्य बोलना, अन्याय का विरोध करना, कमजोर की रक्षा करना और जरूरतमंद की सहायता करना भी धर्म का ही मार्ग है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव सभी का कल्याण करते हैं। मनुष्य को भक्ति के साथ सेवा, सद्भाव और परोपकार को भी जीवन में स्थान देना चाहिए। जब हम किसी दुखी व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं, तभी हमारी भक्ति सार्थक होती है। पंडित मिश्रा ने कहा कि सनातन धर्म सभी के प्रति प्रेम, करुणा और सद्भाव रखने की शिक्षा देता है। भगवान शिव की आराधना करने वाला व्यक्ति किसी का अहित नहीं सोच सकता। वैकुंठ चतुर्दशी पर होने वाले हरि-हर मिलन की पौराणिक मान्यता भी इस आयोजन में बताई गई। धार्मिक मान्यता के अनुसार देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक भगवान विष्णु पाताल लोक में राजा बलि के यहां विश्राम करते हैं। इस अवधि में सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव के पास रहता है। देवउठनी एकादशी के बाद वैकुंठ चतुर्दशी पर दोनों देवों का विशेष मिलन होता है।
