समाचार
Opening page
Preparing your workspace...
समाचार
बच्चों को शारीरिक, मानसिक और ऑनलाइन उत्पीड़न से सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। बच्चों के साथ होने वाली बुलिंग और साइबर बुलिंग को रोकने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी लोगों को सजग रहना चाहिए। यह जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। बच्चों की छोटी-सी परेशानी को भी गंभीरता से लेना जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति बच्चे को मारता है, धक्का देता है, तो यह बुलिंग की श्रेणी में आता है। अनुचित तरीके से छूना भी ऐसा ही गंभीर व्यवहार माना जाता है। बच्चे के रूप-रंग या कपड़ों को लेकर मजाक उड़ाना भी बुलिंग है। उसके बारे में अफवाह फैलाना भी इसी श्रेणी में आता है। इसी तरह किसी बच्चे की अनुचित तस्वीरें, वीडियो या मीम्स ऑनलाइन पोस्ट करना साइबर बुलिंग है। ऐसे व्यवहार से बच्चा डरा हुआ, दुखी और असुरक्षित महसूस कर सकता है। इसलिए बच्चों के साथ होने वाले अनुचित व्यवहार को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। हर घटना पर तुरंत ध्यान देना आवश्यक है। यदि कोई बच्चा अपनी परेशानी बताता है, तो उसकी बात ध्यानपूर्वक सुनें। बच्चे की बात पर विश्वास करें और उसे भरोसा दिलाएं कि वह सुरक्षित है। बच्चे को डांटने या उसकी बात को अनसुना करने के बजाय उसका साथ दें। इससे बच्चा खुलकर अपनी बात कह पाता है। माता-पिता, परिवार के सदस्य, शिक्षक, स्कूल प्राचार्य और काउंसलर बच्चों के मददगार बनें। बुलिंग की स्थिति में आवाज उठाना जरूरी है। गलत व्यवहार करने वाले को रोकने का प्रयास भी करना चाहिए। सभी मिलकर बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल बना सकते हैं। यदि किसी बच्चे के साथ लैंगिक शोषण या अनुचित स्पर्श की घटना दिखाई दे, तो तत्काल उसकी सहायता करें। बच्चा स्वयं इसकी जानकारी दे, तब भी देर न करें। मामले की सूचना पुलिस या संबंधित अधिकारियों को दें। बच्चे की बात को गंभीरता से लेना सबसे पहला कदम है। इसके लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 अथवा निःशुल्क चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 है।
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया