सरकार का लक्ष्य किसानों का कल्याण और ग्रामीण विकास
प्रमोद पांडे - मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रदेश के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव अपनी सारी योजनाएं इसी तथ्य को ध्यान में रखकर बना रहे हैं। मुख्यमंत्री कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। किसान, महिला, युवा और गरीब सहित समाज के प्रत्येक वर्ग का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री का मानना है कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार खेती को अधिक लाभकारी बनाने के साथ ही किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। किसानों की समृद्धि केवल कृषि उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, गुणवत्तापूर्ण बीज और खाद की उपलब्धता, आधुनिक कृषि उपकरणों का उपयोग तथा फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना भी जरूरी है। राज्य सरकार इन सभी पहलुओं पर ध्यान देते हुए कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की अनिश्चितताओं से होने वाले नुकसान से राहत दिलाने के लिए भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों के हित में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठा रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है। वहीं, प्रदेश सरकार भी किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से खेती-किसानी को मजबूत बनाने में जुटी है।

