एआई से बने पत्र, आयुक्त के फर्जी हस्ताक्षर
मध्य प्रदेश में नए जिले बनाने की चर्चाओं के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार फर्जी सरकारी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इनमें नर्मदापुरम के पिपरिया, बरेली के पिपरिया और रायसेन के पिछोर को नया जिला घोषित किया गया है। पत्रों पर 16 नवंबर 2026 की तारीख के साथ राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर भी लगाई गई है। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पिछोर को जिला बनाने की घोषणा के बाद नए जिलों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच शरारती तत्वों ने राज्य परिसीमन आयोग के नाम से तीन फर्जी पत्र तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिए। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने खुद इन पत्रों को फेसबुक पर साझा कर फर्जीवाड़े पर सवाल उठाए हैं। मनोज श्रीवास्तव ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि धीरे-धीरे लोग कृत्रिम दुनिया में जीने लगे हैं। उन्होंने कहा कि एआई से भीड़ के दृश्य बनाकर फ्लॉप प्रदर्शन को हिट दिखाया जा सकता है। अब एआई से नए जिले भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने हैरानी जताई कि उनके फर्जी हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। जिस परिसीमन आयोग को छोड़े करीब दो साल हो चुके हैं, उसी के फर्जी लेटरहेड पर आदेश जारी किए जा रहे हैं। श्रीवास्तव ने पोस्ट में बताया कि जनगणना की प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक इकाइयां फ्रीज हैं।

