दिवाली की रोशनी के बीच उज्जैन में 4 घरों के चिराग बुझ गए। गंगा होटल के चैंबर की सफाई के दौरान 4 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। इन मौतों के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब नगर निगम के पास सफाई के लिए मशीनें उपलब्ध थीं तो मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरण के जहरीली गैस से भरे चैंबर में क्यों उतारा गया? वाल्मीकि समाज का कहना है कि सरकार जिम्मेदारों की भूमिका तय करे। दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए। 30-30 लाख से परिवार को मदद तो मिल सकती है, लेकिन अपूरणीय क्षति कभी पूरी नहीं होगी। यह हादसा 31 अक्टूबर की रात हुआ। आउटसोर्स कर्मचारी कमलेश तंबोली फूड वेस्ट टैंक की सफाई कर रहे थे। पैर फिसलने से वह सीधे टैंक में जा गिरे। उन्हें बचाने के लिए वाहिद और नितिन भी अंदर उतर गए। तीनों को छटपटाता देख सुपरवाइजर मनोज मीणा भी बिना सुरक्षा उपकरण के कूद पड़ा। ऑक्सीजन की भारी कमी और जहरीले धुएं के कारण चारों की मौके पर ही मौत हो गई। विसरा सुरक्षित कर फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। सूत्रों के अनुसार, होटल प्रबंधन ने सफाई के लिए निगम की रसीद नहीं कटवाई थी। मशीनों के बजाय मजदूरों से टैंक की सफाई करवाई जा रही थी। नियम मशीन से सफाई का था, लेकिन जान जोखिम में डालकर मजदूरों को उतार दिया गया। पुलिस ने होटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपये देने के निर्देश दिए। वाल्मीकि सफाई कर्मचारी संघ ने प्रत्येक परिवार को 1 करोड़ मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। होटल संचालक की ओर से मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये दिए गए। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जांच की सुस्त रफ्तार पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है।
समाचार
उज्जैन: मशीनों के बावजूद मौत के चैंबर में उतरे मजदूर
13 नवंबर 2026 को 11:09 pm बजे

उज्जैन: मशीनों के बावजूद मौत के चैंबर में उतरे मजदूर
