डिजिटल अर्थव्यवस्था में सुरक्षा की गारंटी केवल तकनीकी सुविधाओं से नहीं, बल्कि जवाबदेह संस्थागत व्यवस्था से मिलेगी। सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणी ने बैंकिंग व्यवस्था के सामने यही बुनियादी सवाल खड़ा कर दिया है। देश में डिजिटल लेनदेन जिस गति से बढ़ा, उसी गति से साइबर अपराधियों ने ठगी के नए तरीके भी गढ़ लिए हैं। मोबाइल फोन अब बैंक बन चुका है, मगर इसी फोन के जरिए किसी की वर्षों की जमा-पूंजी चंद मिनटों में उड़ जाती है। कभी बैंक अधिकारी बनकर खाते की जानकारी मांगी जाती है, कभी पुलिस या जांच एजंसी का अधिकारी बनकर गिरफ्तारी का डर दिखाया जाता है। कभी ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर व्यक्ति को मानसिक दबाव में लेकर रकम हस्तांतरित करा ली जाती है। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने कहा कि यदि साइबर धोखाधड़ी वित्तीय संस्थान की उचित जांच-पड़ताल और सावधानी में विफलता के कारण होती है, तो पीड़ित को खोई रकम के बराबर मुआवजा देने की व्यवस्था होनी चाहिए। पीठ ने रिजर्व बैंक के प्रस्तावित केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) संशोधन निर्देशों में ऐसे प्रावधान शामिल करने पर जोर दिया। यह केवल अपराध-रोकथाम का नहीं, उस व्यवस्था की जवाबदेही का सवाल है, जिसके भरोसे करोड़ों नागरिक अपनी कमाई रखते हैं। यूपीआइ ने छोटे दुकानदार से लेकर बड़े कारोबारी तक के लिए भुगतान आसान बनाया है। गांवों में भी लोग मोबाइल से पैसे भेज और प्राप्त कर रहे हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे बैंक खातों में पहुंच रहा है। इस सुविधा के साथ ऐसी जिम्मेदारी भी आई है, जिसे केवल ग्राहक पर नहीं छोड़ा जा सकता। जिस व्यवस्था में चंद सेकंड में बड़ी रकम इधर से उधर हो सकती है, वहां संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और रोकथाम का तंत्र भी उतना ही सक्षम होना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के सामने रखे गए भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आइ-फोर-सी) के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से अगस्त 2026 के बीच ‘डिजिटल अरेस्ट’ से जुड़ी 21,928 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें 647 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान सामने आया। इससे पहले 2024 में ऐसी एक लाख 23 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज हुई थीं। उस दौरान करीब 1,935 करोड़ रुपए की चपत लगी थी। 2025 में शिकायतें घटकर 58,239 रहीं, पर नुकसान 1,211 करोड़ रुपए का रहा। यह समस्या कुछ असावधान लोगों तक सीमित नहीं है। अपराधियों ने भय, भ्रम और तकनीक का ऐसा मिश्रण तैयार किया है, जिसमें सामान्य व्यक्ति भी विवेक खो बैठता है। बुजुर्ग और पेंशनभोगी सबसे ज्यादा निशाने पर रहते हैं। उनके लिए बैंक में रखा धन जीवनभर की मेहनत का नतीजा होता है। किसान की उपज से अर्जित पूंजी, कर्मचारी की सेवानिवृत्ति की बचत या बच्चों की पढ़ाई और इलाज के लिए रखी रकम लुटती है, तो असर बैंक खाते तक सीमित नहीं रहता। परिवार की आर्थिक स्थिरता और सामाजिक सुरक्षा भी डगमगा जाती है। बैंक खाते की नियमित गतिविधियों का रिकॉर्ड रखे जाते हैं। तो असामान्य लेनदेन की पहचान क्यों नहीं हो सकती? यदि कोई व्यक्ति सामान्यतः सीमित रकम का लेनदेन करता है और अचानक उसके खाते से बड़ी राशि किसी नए खाते में जाने लगे, तो अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है। हर बड़ा लेनदेन संदिग्ध नहीं होता। ग्राहक को अपने ही धन के उपयोग में अनावश्यक रुकावट नहीं झेलनी चाहिए। फिर भी जोखिम के संकेत मिलते ही सत्यापन की व्यवस्था होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने असामान्य लेनदेन को अस्थायी रूप से रोकने पर जोर दिया है। संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना नजदीकी पुलिस को देने और लेनदेन की वास्तविकता की पुष्टि जैसे उपायों की बात भी कही गई है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डेटा विश्लेषण से इसे और प्रभावी बनाया जा सकता है। तकनीक का मकसद केवल बैंकिंग को तेज करना नहीं, ग्राहकों को संभावित नुकसान से बचाना भी होना चाहिए। बैंक की लापरवाही को महज प्रशासनिक चूक मानकर छोड़ना ठीक नहीं है। उसके आर्थिक नतीजों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। आवश्यक जांच में विफल रहने के कारण यदि ग्राहक ठगी का शिकार होता है, तो भरपाई का दायित्व संस्थान पर ही होना चाहिए। ठगी के बाद पीड़ित के सामने दूसरी चुनौती न्याय पाने की होती है। उसे पहले बैंक में शिकायत करनी पड़ती है। फिर साइबर अपराध पोर्टल पर ब्योरा देना होता है। उसके बाद पुलिस तथा संबंधित संस्थाओं के बीच तालमेल का इंतजार करना पड़ता है। इस दौरान रकम कई खातों से होकर दूर पहुंच सकती है। कई बार पीड़ित को यह भी साफ नहीं होता कि उसकी शिकायत पर किस संस्था की क्या जिम्मेदारी है। इसलिए केवल शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था काफी नहीं है। शिकायत मिलते ही बैंक, साइबर अपराध इकाई और जांच एजंसियों के बीच त्वरित समन्वय होना चाहिए। संदिग्ध खातों की पहचान और धन के हस्तांतरण पर समय रहते रोक लगनी चाहिए। पीड़ित को शिकायत की प्रगति की जानकारी देना अनिवार्य बनाया जाना चाहिए। न्याय की प्रक्रिया ऐसी न हो कि ठग मिनटों में पैसा निकाल ले। पीड़ित वर्षों तक अपनी ही रकम के लिए दफ्तरों के चक्कर काटता रहे, यह स्थिति ठीक नहीं है। डिजिटल अरेस्ट की घटनाएं बताती हैं कि अपराधी अब नागरिकों के मनोविज्ञान का भी फायदा उठा रहे हैं। वे पुलिस, सीबीआइ, प्रवर्तन निदेशालय या अदालत के नाम पर फर्जी पहचान और दस्तावेज बनाते हैं। वीडियो कॉल पर लगातार निगरानी का भ्रम रचते हैं। किसी गंभीर अपराध में संलिप्त होने की बात कहकर गिरफ्तारी और बदनामी का डर दिखाते हैं। कानून की प्रक्रिया का अपना तय स्वरूप है। मोबाइल वीडियो कॉल पर किसी को तथाकथित डिजिटल हिरासत में रखने की कोई वैधानिक व्यवस्था नहीं है। निजी खाते में रकम जमा कराने की भी कोई वैध प्रक्रिया नहीं है। इसलिए व्यापक जनजागरूकता जरूरी है। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, बैंकों और सार्वजनिक संस्थानों के जरिए ठगी के तौर-तरीकों की जानकारी दी जानी चाहिए। यह अभियान खासकर बुजुर्गों और पेंशनभोगियों तक पहुंचना चाहिए। आज बैंक डिजिटल माध्यम से ग्राहकों की पहचान और लेनदेन का विश्लेषण कर सकते हैं। इसलिए साइबर सुरक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग व्यापक होना चाहिए। खातों की सामान्य गतिविधि के आधार पर जोखिम पहचानने वाली प्रणाली बन सकती है। यह प्रणाली अचानक असामान्य रकम आने या एक के बाद एक कई खातों में पैसा जाने पर अतिरिक्त सत्यापन कर सकती है। मगर यह तकनीक पारदर्शी और जवाबदेह हो, ताकि गलत पहचान से आम ग्राहकों के वैध लेनदेन न रुकें। दूरसंचार कंपनियों, सोशल मीडिया मंचों, भुगतान सेवा प्रदाताओं और बैंकों के बीच बेहतर तालमेल चाहिए। अपराधी जिस माध्यम का इस्तेमाल करते हैं, उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। केवल बैंक को दोषी ठहराकर पूरे साइबर अपराध तंत्र की अनदेखी नहीं की जा सकती। डिजिटल अर्थव्यवस्था का भविष्य नागरिकों के भरोसे पर टिका है। आर्थिक समावेशन का असली अर्थ खाते खुलवाना भर नहीं, उनमें जमा धन की सुरक्षा भी है। इसके लिए संसद, सरकार और नियामकों को भी समन्वित दृष्टिकोण अपनाना होगा।
समाचार
साइबर ठगी में बैंक की लापरवाही पर भरपाई की जिम्मेदारी तय होने की राह
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे
