उज्जैन के बगड़िया टावर में आग लगने की घटना ने शहर की व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा की पोल खोल दी है। चार मंजिला इमारत में न तो आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की व्यवस्था थी और न ही आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण मौजूद थे। आग लगने के दौरान संकरे रास्तों के कारण धुएं में फंसे लोगों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। यह घटना एक बार फिर कमर्शियल बिल्डिंगों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर करती है। आग लगने की शुरुआत एमपी मेडिकल स्टोर से हुई, जहां एक्सपायर्ड दवाइयां रखी थीं। टावर मालिक अरुण बागडिय़ा ने 11 अगस्त को इन दवाइयों को हटवाने के लिए थाने में शिकायत की थी। शिकायत पर कार्रवाई के बजाय उन्हें CM हेल्पलाइन पर शिकायत करने की सलाह दी गई थी। इसके बावजूद दवाइयां वहीं पड़ी रहीं और आग लगने का कारण बनीं। हालांकि, आग लगने का आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि आग मेडिकल स्टोर में लगी थी और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि बिल्डिंग में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं। साथ ही, एक्सपायर्ड दवाइयों की शिकायत पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। पुराने कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित बगड़िया टावर के नीचे एमपी मेडिकल स्टोर में आग लगी थी। दुकान का शटर बंद होने के कारण धुआं वेंटिलेशन चैंबर के रास्ते ऊपर के फ्लैट्स तक फैल गया। देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया। उनके साथ, टावर के पीछे मिल्कीपुरा इलाके के कुछ युवकों ने भी फंसे लोगों को निकालने और आग बुझाने में मदद की। इन युवकों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। कुछ युवकों ने दुकानों के शटर तोड़कर अंदर पानी डाला। चार मंजिल के ऊपरी फ्लैटों में फंसे लोगों को निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली गई। पेंटर्स ने भी झूले और सीढ़ी के सहारे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फायरमैन अभिषेक तिवारी ने कैंसर पीड़ित महिला और उनकी बेटी को बचाकर बाहर निकाला। दो अन्य महिलाओं को बचाने के लिए टीम दोबारा बिल्डिंग में गई, लेकिन घने धुएं के कारण दम घुटने से अभिषेक तिवारी बेहोश होकर गिर पड़े। बिल्डिंग में रहने वाले एक परिवार के यहां गरुड़ पुराण का कार्यक्रम चल रहा था, जिससे आग लगने के बाद अफरातफरी मच गई। मिल्कीपुरा निवासी मोहम्मद इमरान, अब्दुल अरशद, अब्दुल जब्बार, जुबैर अंसारी, गुलशेर अब्बासी, अमजद खान, युसूफ शेख, शाहनवाज, अयान खान, अल्फेस, मकसूद, कासिम रहमानी सहित कई युवकों ने आग में फंसे लोगों को निकालने में मदद की। रात 9 बजे तक चले बचाव अभियान में 25 दमकल की गाड़ियां जुटी रहीं। कोतवाली थाना प्रभारी दीनबंधु तोमर ने बताया कि मामले में मेडिकल संचालक की गलती नजर आ रही है और जांच की जा रही है। शाम तक उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि एमपी मेडिकल का अंदर ही स्टोर रूम था और आग की शुरुआत वहीं से हुई थी।
समाचार
बगड़िया टावर अग्निकांड: एक्सपायर्ड दवाओं से लगी आग, आपातकालीन निकास भी नहीं
12 नवंबर 2026 को 10:26 pm बजे

बगड़िया टावर अग्निकांड: एक्सपायर्ड दवाओं से लगी आग, आपातकालीन निकास भी नहीं
साझा करेंWhatsApp
