मध्य प्रदेश को दूध उत्पादन में नंबर-1 राज्य बनाने का संकल्प, किसानों के घर समृद्धि आएगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर जिले के कुलैथ गांव में पशुपालक सम्मेलन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से किसानों के घर समृद्धि आएगी। सरकार उन्नत पशुधन के पालन-पोषण पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हर साल एक लाख उन्नत नस्ल की बछिया तैयार कर किसानों को दी जाएंगी। इससे प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा और किसानों के घर समृद्धि आएगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में ढाई करोड़ से अधिक पशुधन है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रमिक भाई-बहनों के खातों में 175 करोड़ रूपए की सहायता राशि और दिव्यांगजन पेंशन योजना के 34.58 लाख से अधिक हितग्राहियों को 207.48 करोड़ रूपए की पेंशन राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। उन्होंने कुलैथ के जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिए 51 लाख रूपए देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत क्षेत्र में निहिथपुर से महेश्वरा तक एक किमी पक्की सड़क और लंका वाले हनुमान मंदिर तक भी सड़क बनाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर गांव में एक सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि उन्नत दुधारू पशुओं से किसान के घर महालक्ष्मी की कृपा होती है। राज्य सरकार बिजली, पानी, सड़कों जैसी सुविधाओं को बढ़ा रही है, जिसका लाभ बलराम पुत्र किसान बंधुओं को भी मिल रहा है। मध्य प्रदेश को दूध उत्पादन में नंबर-1 राज्य बनाने का संकल्प है। गुजरात से कम पशुधन होने के बावजूद वहां दूध उत्पादन अधिक है।
