ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने 3 नवंबर को किया भूमिपूजन
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भोपाल में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के नवीन ई-ऊर्जा भवन का भूमिपूजन किया। यह भवन 8 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से बनेगा और आधुनिक आईटी सुविधाओं से सुसज्जित होगा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह भवन प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को पारदर्शी, त्वरित और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मंगलवार को बिजली नगर कॉलोनी गोविंदपुरा स्थित आस्था परिसर में भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। इस अवसर पर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग, निदेशक (वाणिज्य) सुधीर कुमार श्रीवास्तव, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) डॉ. राकेश शर्मा, मुख्य वित्तीय अधिकारी अखिलेश कुमार पाण्डे सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि कंपनी सभी श्रेणी के बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति के साथ त्वरित सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में कंपनी की सूचना प्रौद्योगिकी (IT) संबंधी गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक और व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए इस नवीन ई-ऊर्जा भवन का निर्माण किया जा रहा है। इस अत्याधुनिक भवन में IT सेल के लिए आवश्यक अधोसंरचना और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे कंपनी की डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन कार्यप्रणाली और तकनीकी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इस नवीन भवन के निर्माण से विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण, ऑनलाइन सेवाओं के संचालन तथा उपभोक्ता सेवाओं को अधिक सुगम, प्रभावी और त्वरित बनाने में सहायता मिलेगी। प्रबंध संचालक ने यह भी कहा कि कंपनी की बढ़ती कार्य आवश्यकताओं के अनुरूप यह नवीन ई-ऊर्जा भवन विकसित किया जा रहा है। यह भवन अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही कंपनी की प्रशासनिक और तकनीकी कार्यप्रणाली को नई गति प्रदान करेगा। ई-ऊर्जा भवन का निर्माण 8 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। लगभग 3,696 वर्ग मीटर के कुल निर्मित क्षेत्र में विकसित होने वाला यह भवन ग्राउंड फ्लोर सहित चार मंजिलों का होगा।
आईटी सुविधाओं से लैस होगा
इन ई-अनुप्रयोगों में कंपनी मुख्यालय से वितरण केंद्र स्तर तक ई- अटेंडेंस ऐप और ई-ऑफिस का संचालन शामिल है। उच्चदाब से लेकर निम्नदाब, कृषि उपभोक्ता, गैर-घरेलू उपभोक्ता और अन्य श्रेणी के सभी उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन करने पर नवीन कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी प्रकार, ऑनलाइन बिल भुगतान के अनेक विकल्पों का उपभोक्ताओं को लाभ मिल रहा है। गांवों में कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से बिल भुगतान की सुविधा भी प्रदान की गई है। उपाय ऐप, मेंटीनेंस ऐप, विजिलेंस ऐप, एंटरप्राइज रिसोर्सेज प्लानिंग जैसे अनेक अनुप्रयोग कंपनी में लागू किए गए हैं, जिनसे उपभोक्ता और कंपनी को निरंतर लाभ मिल रहा है। ये सभी पहलें सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग को दर्शाती हैं। नवीन ई-ऊर्जा भवन के निर्माण से इन सभी आईटी- आधारित सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी। यह भवन कंपनी के सूचना प्रौद्योगिकी सेल के लिए एक केंद्रीय हब के रूप में कार्य करेगा, जिससे डिजिटल सेवाओं के प्रबंधन और विस्तार में आसानी होगी।
