जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मध्य प्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित होंगे। मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम 15 नवंबर को धार जिले के डही में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। इस अवसर पर डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण भी किया जाएगा। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जनजातीय कार्य मंत्री कुँवर विजय शाह, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। इसी दिन आलीराजपुर जिले के जोबट में भी कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त, 14 नवंबर को जबलपुर तथा 16 नवंबर को खण्डवा और शहडोल जिले के ब्योहारी में जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप जनजातीय कल्याण योजनाओं का बजट ऐतिहासिक रूप से बढ़ाकर 47,295 करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 6,491 करोड़ रुपये अधिक है। पीएम जनमन के अंतर्गत 98.30 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूर्ण किए गए हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 401.56 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में देश की सबसे बड़ी जनजातीय आबादी निवास करती है। जनजातीय समाज को शासन और निर्णय प्रक्रिया में सशक्त प्रतिनिधित्व मिला है। प्रदेश से दो केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्री- मंडल में पांच जनजातीय मंत्री शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को जनजातीय विद्यार्थियों को आकांक्षा योजना के अंतर्गत विशेष कोचिंग का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनजातीय समाज की पारंपरिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के दायरे से मुक्त रखने की बात कही है। प्रदेश में जनजातीय कल्याण का दायरा शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, डिजिटल सशक्तिकरण और सांस्कृतिक संरक्षण तक विस्तृत हुआ है। धरती आबा अभियान के अंतर्गत 51 जिलों के 267 विकासखंडों के 11,377 गांवों के 18.58 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों की 93.23 लाख से अधिक आबादी को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। वहीं, पीएम जनमन के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन स्तर में सुधार के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
समाचार
बिरसा मुंडा जयंती पर भव्य आयोजन, पीएम मोदी करेंगे संबोधित
13 नवंबर 2026 को 11:09 pm बजे
